हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे ।
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे ॥
सज्जनों, भक्तवृन्द, माताओं!
यह जो Hare Krishna Movement है, हम लोग यूरोप और अमेरिका में 'हरे कृष्ण' इस नाम से प्रतिष्ठित हैं। तो यह Hare Krishna Movement श्री चैतन्य महाप्रभु का मिशन (mission) है। आप लोग सब जानते हैं, श्री चैतन्य महाप्रभु आज से लगभग 500 वर्ष पहले, कुछ कम 490 वर्ष पहले, नवद्वीप में आविर्भूत हुए।
और शास्त्र-सिद्धान्त है कि श्री चैतन्य महाप्रभु स्वयं भगवान श्रीकृष्ण हैं:
कृष्ण-वर्णं त्विषाकृष्णं साङ्गोपाङ्गास्त्र-पार्षदम् ।
यज्ञैः सङ्कीर्तन-प्रायैर्यजन्ति हि सुमेधसः ॥
(श्रीमद्भागवतम् 11.5.32)
यह श्रीमद्भागवतम् की वाणी है। युग-युग में कौन-कौन से अवतार भगवान ग्रहण करते हैं, उसमें चैतन्य महाप्रभु के अवतार का वर्णन है। "कृष्ण-वर्णं त्विषाकृष्णम्"—स्वयं कृष्ण, जो सब समय कृष्ण का ही कीर्तन और वर्णन करते हैं—कृष्ण-वर्णम्। बाकी उनके शरीर का जो रंग है, वह अकृष्ण (पीत/सुवर्ण वर्ण) है। शास्त्र में वर्णन है:
शुक्ल-रक्तस्तथा पीत इदानीं कृष्णतां गतः...
(श्रीमद्भागवतम् 10.8.13)
जब गर्ग मुनि ने भगवान की कुण्डली का विचार किया था, उस समय नन्द महाराज को बताया था: "हे महाराज! यह जो आपका पुत्र है, इसके पहले शुक्ल, रक्त तथा पीत वर्ण हुए हैं। अब यह कृष्ण वर्ण हुआ है।" तो यह जो पीत वर्ण है, यह श्री चैतन्य महाप्रभु हैं। यह शास्त्र-सिद्धान्त है।
तो यह चैतन्य महाप्रभु का मिशन है, वही एकमात्र मिशन जो भगवान कृष्ण का है। भगवान कृष्ण ने सबको आदेश दिया:
सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज ।
अहं त्वां सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 18.66)
बाकी मूर्ख लोग समझे नहीं, उस धर्म को ग्रहण नहीं किए। क्योंकि:
न मां दुष्कृतिनो मूढाः प्रपद्यन्ते नराधमाः ।
माययापहृतज्ञाना आसुरं भावमाश्रिताः ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 7.15)
हम लोग भी मूर्ख हैं, बाकी एक बात हम लोग मान लेते हैं कि कृष्ण जो बोलते हैं, सब ठीक! बस, ज़्यादा हमको परिश्रम करने की कोई ज़रूरत नहीं है, ज़्यादा पण्डित बनने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जब न्यूयॉर्क में मैं Krishna Consciousness को रजिस्टर (register) कराने का बन्दोबस्त कर रहा था, तो वकील साहब Mr. Goldsmith और उनके एक मित्र ने suggest किया कि "आप Krishna Consciousness नहीं, God Consciousness नाम रखिए।" हमने refuse कर दिया। हमने कहा कि अगर God Consciousness नाम रखेंगे, तो मूर्ख लोग हज़ारों "God" ले आएँगे! बाकी God तो कृष्ण हैं: "कृष्णस्तु भगवान् स्वयम्"। यह शास्त्र-सिद्धान्त है:
ईश्वरः परमः कृष्णः सच्चिदानन्दविग्रहः ।
अनादिरादिर्गोविन्दः सर्वकारणकारणम् ॥
(ब्रह्म-संहिता 5.1)
और भगवान ख़ुद भी श्रीमद् भगवद्गीता में बता रहे हैं:
मत्तः परतरं नान्यत्किञ्चिदस्ति धनञ्जय ।
(श्रीमद् भगवद्गीता 7.7)
और अर्जुन ने स्वीकार किया:
परं ब्रह्म परं धाम पवित्रं परमं भवान् ।
पुरुषं शाश्वतं दिव्यमादिदेवमजं विभुम् ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 10.12)
तो यही हम लोग प्रचार कर रहे हैं—आपका ही कृष्ण है, मथुरा और वृन्दावन का!
और बेसिक प्रिन्सिपल (basic principle) क्या चीज़ है? कोई नई चीज़ नहीं है। जो भगवान बताए श्रीमद् भगवद्गीता में, उसी का हम प्रचार कर रहे हैं। कोई manufacture की हुई चीज़ नहीं है। और हमारे पास इतना Brain भी नहीं है कि आधुनिक विचार से मनगढ़ंत manufacture करके एक God को present किया जाए। वही सनातन बात है जो कृष्ण कहते हैं। इसीलिए हमारी संस्था का नाम है Krishna Consciousness। कृष्ण जिस तरह से बताते हैं, उसी प्रकार हम लोग सोचते हैं।
समस्या क्या चीज़ है? समस्या यह है कि यह जो मनुष्य जीवन है, इस मनुष्य जीवन में भगवान क्या चीज़ हैं—जीव समझ सकता है; भगवान से हमारा क्या सम्बन्ध है—वह भी समझ सकता है; और उस सम्बन्ध को ठीक करके, विधिपूर्वक कार्य करने से हमारा जीवन सफल होता है। सम्बन्ध, अभिधेय और प्रयोजन—ये तीन चीज़ें वेदों में बताई गई हैं।
वेदान्त-सूत्र में बताते हैं: "अथातो ब्रह्मजिज्ञासा"—अब जो मनुष्य जीवन मिला है, इसमें ब्रह्म के विषय में पूछना चाहिए। "जीवस्य तत्त्व-जिज्ञासा"—श्रीमद्भागवतम् के अनुसार मनुष्य जीवन का एकमात्र यही कर्तव्य है कि भगवान क्या चीज़ हैं, भगवान से हमारा क्या सम्बन्ध है, और उस सम्बन्ध से क्या लाभ होगा—यह सब पूछना, जानना और उसको जीवन के कार्य में लगाना, यह मनुष्य जीवन है।
अभी आते वक्त मैंने देखा, दीवार पर लिखा है: "परिश्रम के अलावा और कोई रास्ता नहीं है!" तो मनुष्य ठेला खींचने लगा, रिक्शा चलाने लगा, और इसके ऊपर भी और परिश्रम करता है! इसका अर्थ क्या हुआ? और क्या करना चाहिए? गधा बन जाओ, उससे ज़्यादा क्या!
यह जो मनुष्य जीवन है, यह सूअर के जैसा—"विड्भुजाम्"—जो दिन भर विष्ठा खाने के लिए कठिन परिश्रम करता है, वैसा नहीं होना चाहिए। आप लोगों ने मथुरा शहर में ज़रूर देखा होगा कि सूअर इधर-उधर घूमता रहता है—कहाँ विष्ठा मिले, कहाँ विष्ठा मिले। तो शास्त्र मना करते हैं: "कष्टान् कामानर्हते विड्भुजां ये"। यह हमारी वैदिक सभ्यता नहीं है कि दिन-रात परिश्रम करो और खाने-पीने का कोई विचार न हो, जैसे सूअर का कोई विचार नहीं होता—जो मिले, विष्ठा भी ठीक है! यह मनुष्य जीवन नहीं है।
तो मनुष्य जीवन में क्या होना चाहिए? तपस्या। "तपो दिव्यं पुत्रका येन सत्त्वं शुद्ध्येत्"—तपस्या करो। क्यों तपस्या की जाए? "खाओ, पियो, मज़ा करो, तपस्या क्यों करें?" नहीं, यदि तुम्हारे जीवन में उत्तरदायित्व है, यदि समझदार हो, तो तपस्या अवश्य करनी चाहिए। "येन सत्त्वं शुद्ध्येत्"—तुम्हारा जो अस्तित्व है, सत्ता है, वह अभी अशुद्ध है, उसको शुद्ध करना चाहिए। जैसे कोई बीमार व्यक्ति है, उसका कर्तव्य है डॉक्टर के पास जाना, दवाई लेना और बीमारी से मुक्त होकर शुद्ध होना। अगर नहीं करता है, तो वह मनुष्य नहीं है, पशु है। पशु कभी डॉक्टर के पास नहीं जाता। इसलिए शास्त्र में ऋषभदेव अपने पुत्रों को संन्यास लेने से पूर्व उपदेश दे रहे थे:
तपो दिव्यं पुत्रका येन सत्त्वं शुद्ध्येद्यस्माद् ब्रह्मसौख्यं त्वनन्तम् ॥
हम लोग श्रीमद् भगवद्गीता पढ़ते हैं। श्रीमद् भगवद्गीता की पहली शिक्षा है:
देहिनोऽस्मिन यथा देहे कौमारं यौवनं जरा ।
तथा देहान्तरप्राप्तिर्धीरस्तत्र न मुह्यति ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 2.13)
देहान्तर होगा। बड़े-बड़े politicians और scholars गीता के ऊपर टीका-टिप्पणी लिखते हैं, लेकिन इसको कोई नहीं समझाता कि तुम्हारा देहान्तर होगा! आज तुम Indian हो, कल कुछ और हो सकते हो। और मनुष्य भी नहीं, शायद पशु भी बन सकते हो! क्योंकि वह तुम्हारे हाथ में नहीं है:
प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः ।
अहङ्कारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 3.27)
अभी चाहे जितना घमण्ड कर लो कि "हम यह हैं, वह हैं", बाकी मरने के बाद सब प्रकृति के अधीन है। तथा देहान्तर-प्राप्तिः। देहान्तर तो होगा ही। और इस विषय में किसी University में कोई education नहीं है कि अगला शरीर किस प्रकार का मिलेगा—सूअर का मिलेगा, देवता का मिलेगा, पेड़ का मिलेगा या मक्खी का मिलेगा!
अन्धा यथान्धैरुपनीयमानास्
तेऽपीश-तन्त्र्यामुरु-दाम्नि बद्धाः ॥
(श्रीमद्भागवतम् 7.5.31)
प्रकृति के कठोर नियमों से बँधा हुआ है, फिर भी सोचता नहीं। और तथाकथित नेता लोग जनता को अन्धकार के मार्ग पर ले जा रहे हैं—"अन्धा यथान्धैरुपनीयमानाः"। यह सब पूरे संसार में चल रहा है।
हमारे देश में यह दिव्य ज्ञान मौजूद है। स्वयं भगवान आकर बताते हैं। वेद, पुराण आदि शास्त्र हैं। बड़े-बड़े ऋषि, महात्मा और आचार्य इसका प्रचार किए हैं। और यह सब चीज़ यदि हम छोड़ देते हैं, और केवल गधे की तरह परिश्रम करते हैं... परिश्रम तो सूअर भी करता है, गधा भी करता है, उसका उद्देश्य क्या है?
परिश्रम तो करना ही पड़ेगा। तपस्या भी एक गम्भीर परिश्रम है। परंतु परिश्रम उस दिव्य लक्ष्य के लिए करो जिससे तुम्हारा वास्तविक कल्याण हो: "तपो दिव्यं पुत्रका येन सत्त्वं शुद्ध्येत्"।
हम लोग श्रीमद् भगवद्गीता पढ़ते हैं, भगवान बताते हैं:
न जायते म्रियते वा कदाचिन्...
(श्रीमद् भगवद्गीता 2.20)
इसको समझने के लिए कोई तैयार नहीं है कि आत्मा का कभी जन्म और मरण नहीं होता। बाकी practical field में हम देखते हैं कि हमारा जन्म भी होता है और मृत्यु भी होती है। तो कोई विचार ही नहीं करता कि जब मेरा जन्म-मरण नहीं होता, तो मैं इस भौतिक बन्धन में क्यों फँस गया जहाँ जन्म भी है, मृत्यु भी है, और बीच में रोग और शोक भी हैं? भगवान स्वयं बताते हैं कि तुम्हारी वास्तविक समस्या क्या है:
जन्म-मृत्यु-जरा-व्याधि-दुःख-दोषानुदर्शनम् ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 13.9)
This is your problem! तुम छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बड़े-बड़े plans बनाते हो:
इदमद्य मया लब्धमिमं प्राप्स्ये मनोरथम् ।
इदमस्तीदमपि मे भविष्यति पुनर्धनम् ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 16.13)
"आज इतना bank balance हुआ, कल और कमाएँगे तो इतना हो जाएगा।" यह जो आसुरी योजना है, श्रीमद् भगवद्गीता के 16वें अध्याय में इसका वर्णन है:
असत्यमप्रतिष्ठं ते जगदाहुरनीश्वरम् ।
अपरस्परसम्भूतं किमन्यत्कामहैतुकम् ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 16.8)
यह सब सिद्धान्त चल रहा है। कम से कम भारतवर्ष में तो यह नहीं चलना चाहिए!
तो श्री चैतन्य महाप्रभु का मिशन यही है कि जो लोग अज्ञान में सोए हुए हैं, उनको जगाओ! और यह जगाने का कार्य भारतवासियों का है:
भारत-भूमिते हइल मनुष्य-जन्म यार ।
जन्म सार्थक करि' कर परोपकार ॥
(श्री चैतन्य-चरितामृत, आदि-लीला 9.41)
यह भारत-भूमि का मिशन है—परोपकार। अन्य देशों का उद्देश्य हो सकता है कि दूसरे देशों को लूटो और धन एकत्र करो, जिसके लिए पहले विदेशी आक्रान्ता आए, अंग्रेज़ आए कि भारत को कैसे लूटा जाए। वहाँ से ईसाई मिशनरी आते हैं अपना साम्राज्य फैलाने के लिए। इसीलिए हम जो यह आन्दोलन चला रहे हैं, कुछ लोग सन्देह करते हैं कि "अमेरिकन लोग CIA बनकर इधर आए हैं।" But यह बात नहीं है! CIA कभी वैष्णव बनकर नाचेगा और मांस-मछली, नशा छोड़ देगा? CIA को इसकी क्या आवश्यकता है? यह भ्रम है। ये लोग वास्तविक वैष्णव हैं।
वैष्णव में कभी जाति-बुद्धि नहीं करनी चाहिए, शास्त्र का निषेध है:
अर्च्ये विष्णौ शिला-धीर् गुरोषु नर-मतिर् वैष्णवे जाति-बुद्धिः...
नारकी सः ॥
(पद्म पुराण)
वैष्णव किसी जाति के बन्धन में नहीं होता। हमारे आन्दोलन में Americans हैं, Europeans हैं, Africans हैं, Iranians हैं, हिन्दू हैं, मुस्लिम हैं—सब हैं। वे अपनी सांसारिक जाति भूल चुके हैं। जीव का जो नित्य स्वरूप है:
जीवेर 'स्वरूप' हय—कृष्णेर 'नित्य-दास' ।
(श्री चैतन्य-चरितामृत, मध्य-लीला 20.108)
वे अपने को भगवान श्रीकृष्ण का नित्य दास समझते हैं, बस! श्री चैतन्य महाप्रभु ने सिखाया है:
नाहं विप्रो न च नरपतिर् नापि वैश्यो न शूद्रो
नाहं वर्णी न च गृह-पतिर् नो वनस्थो यतिर् वा ।
किन्तु प्रोद्यन्-निखिल-परमानन्द-पूर्णामृताब्धेर्
गोपी-भर्तुः पद-कमलयोर् दास-दासानुदासः ॥
(पद्यावली 74)
चैतन्य महाप्रभु कहते हैं: "मैं न ब्राह्मण हूँ, न क्षत्रिय, न वैश्य, न शूद्र। न मैं ब्रह्मचारी हूँ, न गृहस्थ, न वानप्रस्थ, न संन्यासी। मैं तो केवल गोपी-भर्ता श्रीकृष्ण के चरण-कमलों के दासों के दासों का दासानुदास हूँ!"
और इसी सत्य की शिक्षा देने के लिए चैतन्य महाप्रभु ने सबको आज्ञा दी:
आमार आज्ञाय गुरु हञा तार' एइ देश ।
यारे देख, तारे कह 'कृष्ण'-उपदेश ॥
(श्री चैतन्य-चरितामृत, मध्य-लीला 7.128)
"आप लोग सब गुरु बन जाइए।"
"तो गुरु बनकर क्या करना होगा?"
"जहाँ तुम स्थित हो, वहीं से सबका उद्धार करो। आप गृहस्थ हैं, घर में बाल-बच्चों के साथ रहते हैं—वहीं से शुरू कीजिए। अपनी पत्नी, पुत्र, सम्बन्धियों और सेवकों के गुरु बन जाइए, उनका उद्धार कीजिए। यदि अधिक सामर्थ्य है, तो समाज में कीजिए, देश-स्तर पर कीजिए। परंतु गुरु बनकर सबका उद्धार कीजिए।"
"परंतु हम तो विद्वान नहीं हैं, गुरु कैसे बनें?"
"नहीं, किसी विशेष पाण्डित्य की आवश्यकता नहीं है: 'यारे देख, तारे कह कृष्ण-उपदेश'। केवल श्रीकृष्ण ने जो उपदेश दिया है, उसे सुना दीजिए, बस आप गुरु बन गए!"
तो हम लोग जो विदेशों में जाकर प्रचार किए और उन्होंने हमें स्वीकार किया, हमने कोई जादू-टोना नहीं किया, कोई सोना बनाना या बीमारी ठीक करने का चमत्कार नहीं दिखाया। हम यह सब कुछ नहीं जानते! हमारा केवल यही कार्य है: "यारे देख, तारे कह कृष्ण-उपदेश।" देखो जी, भगवान श्रीकृष्ण हैं, और भगवान श्रीकृष्ण यह बताते हैं:
मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु ।
मामेवैष्यसि सत्यं ते प्रतिज्ञाने प्रियोऽसि मे ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 18.65)
ये चार बातें कीजिए: निरन्तर मेरा स्मरण करो, मेरे भक्त बनो, मेरी पूजा करो, और मुझे प्रणाम करो। यह कौन नहीं कर सकता? इसके लिए न किसी पाण्डित्य की आवश्यकता है, न किसी चमत्कार की। भगवान प्रतिज्ञापूर्वक कह रहे हैं कि ऐसा करने से तुम मुझे प्राप्त करोगे। और अन्त में कह दिया: "सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज"। इससे सरल धर्म और क्या हो सकता है?
भगवान सबके हैं, केवल हिन्दुओं या भारतीयों के लिए नहीं:
सर्व-योनिषु कौन्तेय मूर्तयः सम्भवन्ति याः ।
तासां ब्रह्म महद्योनिरहं बीजप्रदः पिता ॥
(श्रीमद् भगवद्गीता 14.4)
पशु, पक्षी, कीट, पतंग—समस्त योनियों के वे परम पिता हैं। भगवान कृष्ण ने कभी नहीं कहा कि मैं केवल भारतीयों का हूँ।
इसलिए इस आन्दोलन में आप सब सहयोग कीजिए, यही हमारी प्रार्थना है। पाश्चात्य देशों के लोग इस भौतिक सभ्यता से ऊब चुके हैं, वे शान्ति चाहते हैं। भारत से कोई साधु जाता है, तो लोग आशा से घेर लेते हैं। परंतु बहुत से लोग धोखा देते हैं—कोई ध्यान सिखाता है, कोई व्यायाम सिखाता है, और ख़ुद 'भगवान' बन बैठता है! इससे आज तक इतिहास में एक भी सच्चा कृष्ण-भक्त नहीं बना। और जब हमने श्री चैतन्य महाप्रभु के विशुद्ध आदेश का पालन किया: "यारे देख, तारे कह कृष्ण-उपदेश", तो आज हज़ारों-हज़ारों विदेशी शुद्ध वैष्णव बन गए।
इसलिए श्रीमद् भगवद्गीता की वाणी में हेर-फेर करके दुनिया को गुमराह मत कीजिए। जैसा भगवान ने कहा है, वैसा ही प्रस्तुत कीजिए। इससे आपका भी कल्याण होगा और सम्पूर्ण जगत का भी कल्याण होगा।
आप लोग सब श्रीकृष्ण की पावन भूमि के निवासी हैं, कृष्ण आपके हैं। आप मथुरावासियों से हमारा विशेष अनुरोध है कि इस कृष्ण-भावनामृत आन्दोलन को गम्भीरता से लीजिए, हमारी संस्था के प्रचार में सहयोग दीजिए, और स्वयं गुरु बनकर सबको कृष्ण-उपदेश सुनाइए। Thank you very much. हरे कृष्ण!
हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे॥ हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे॥हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे॥
हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे॥